कालपी/कदौरा। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन की टीम ने मंगलवार को कदौरा क्षेत्र में स्थित मौरंग खदानों का औचक निरीक्षण किया। अचानक टीम के घाटों पर पहुंचने से संचालकों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए रूटीन चेकिंग की जा रही है। निरीक्षण में सब ठीक ठाक मिला है।
बता दें कि पिछले दिनों शासन की टीम ने खदानों पर निरीक्षण कर ड्रोन कैमरे से लाइव तस्वीरें ली थी। इसके साथ ही जिला प्रशासन भी अवैध खनन पर सख्त है। हाल ही में हुए अधिकारियों की बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले घाटों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। साथ ही नियमित निरीक्षण के लिए कमेटी भी गठित कर दी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला, खनन सर्वेयर मनोज कुमार, सेलटैक्स के योगेंद्र सिंह की टीम ने कदौरा क्षेत्र भेड़ी, पथरेहटा, कुरेना आदि कई खदानों का औचक निरीक्षण किया। टीम के घाटों पर पहुंचते ही घाटों में अफरा तफरी मच गई। टीम ने मौके पर पहुंच कर पट्टे आदि की स्थिति को परखा। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह रूटीन चेकिंग थी, जो समय-समय पर होती रहती है। खदानों पर कहीं कोई अनियमितता नहीं पाई गई है।