उरई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई कर्मचारियों की बैठक रविवार को नगर पालिका कार्यालय में हुई। बैठक में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने निर्देश दिया कि शाम को सब्जी मंडी एवं मार्केट बंद होने के बाद बिखरी सड़ी गली सब्जियों को इकट्ठा करके निस्तारित करें। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालें। इसके लिए लोगों को भी जागरूक करें। मार्केट खुलने के बाद सफाई कराने में परेशानी होती है, इसलिए जरूरी है कि मार्केट बंद होने या मार्केट खुलने के पहले ही कूड़ा इकट्ठा कर लिया जाए। उन्होंने उन सफाई कर्मचारियों को हिदायत दी कि जिनके वार्ड में सब्जी मंडियां है, वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में उरई पालिका को दसवां स्थान मिला है। अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपना काम ईमानदारी से करें। साथ ही कहा कि जिन सफाई कर्मचारियों को काम के दौरान किसी तरह की दिक्कत आती है तो वे उन्हें बताए, लेकिन काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई नायकों को निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करें। इसके लिए उन्होंने तीन कर्मचारियों को अलग-अलग वार्ड बांटकर उनकी सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी दी। इस दौरान राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार, सफाई निरीक्षक अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।