उरई। दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में घायल दूसरे बाइक सवार की भी उपचार के दौरान झांसी में मौत हो गई। सोमवार की रात कोंच कोतवाली क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत हुई थी जिसमें एक बाइक सवार दंपति की मौत हो गई थी।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के पनियारा के पास सोमवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। जिसमें एक बाइक पर सवार उरई के मोहल्ला लहारिया पुरवा निवासी विनय नारायण उर्फ अनंतराम (38) पुत्र शिवराम कुशवाहा व उसकी पत्नी किरन देवी (35) की मौत हो गई थी। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मुन्ना लाल (55) निवासी वजीदा कोतवाली उरई गंभीर रुप से घायल हो गए थे।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुन्नालाल को जिला अस्पताल पहुंचाया था। जहां से डाक्टरों ने मुन्नालाल को झांसी रेफर कर दिया था। मंगलवार को झांसी में उपचार के दौरान मुन्नालाल की भी मौत हो गई। पुलिस ने दंपति के शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया था। मंगलवार को मुन्नालाल के शव का भी पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक दंपति के परिजनों ने बताया कि वह अपने ससुराल कोंच कोतवाली के छानी गांव से लौट रहे थे। तभी रास्ते में बाइकों की भिड़ंत हो गई। उधर, राजमिस्त्री मुन्नालाल के परिजनों ने बताया कि वह बाइक से कोंच के सिमिरिया गांव जा रहे थे।
एक साथ उठा मां-बाप का साया
विनय नारायण व उनकी पत्नी किरन देवी की मौत के बाद पुत्र आलोक व पुत्री आस्था का रो रोकर बुरा हाल है। बच्चों के सिर से एक साथ माता-पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया पुत्री आस्था हाईस्कूल की छात्रा है। माता-पिता के शव का अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाया था उधर पुत्री को मंगलवार को परीक्षा देने जाना पड़ा।
बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था मुन्ना
दूसरी बाइक पर सवार राजमिस्त्री मुन्नालाल की हुई मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मुन्नालाल के दो पुत्र व दो पुत्रियां है। वही परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपनी एक पुत्री राधा की शादी करने की तैयारी में जुटा था। उसकी मौत से पूरा परिवार गमगीन है। पत्नी बार-बार कहती है कि अब कौन करेगा बेेटी के हाथ पीले।