उरई (जालौन)। महाराजा अग्रसेन समाज सेवा संस्थान ट्रस्ट के तत्वावधान में अग्रवाल सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 11 जोडे़ परिणय सूत्र में बंधे। वर, वधुओं ने एक दूसरे को जयमाल पहनाकर जीवन साथी चुना व साथ रहने का वचन दिया। आयोजकों ने गृहस्थी का सारा सामान उपहार में देकर वर, वधुओं को आशीर्वाद दिया और खुशी खुशी विदा किया।
शहर के सत्कार वाटिका में आयोजित अग्रवाल सामूहिक विवाह में शनिवार को स्वयंवर गेस्ट हाउस राठ रोड से बारात उठाई गई। घोड़ों पर सवार 11 दूल्हे बैंडबाजों व डीजे की फिल्मी धुनों पर परिजन नाचते हुए सत्कार वाटिका पहुंचे। यहां सभी वरों का द्वारचार कर टीका किया गया। इसके बाद हुए जयमाल कार्यक्रम में वर-वधुओं ने एक दूसरे को जयमाल पहनाकर अपना जीवन साथी बनाया। वहीं, सत्कार वाटिका में सभी कन्या पक्ष केे लोगों के लिए अलग-अलग पंडालों में प्रत्येक कन्या पक्ष के लिए बने कक्ष में मंडप की व्यवस्था की गई थी। जयमाल केे बाद सभी जोड़ों का मंडप के नीचे परिक्रमा करवाकर वैवाहिक रस्में अदा कराई गईं। वर कन्या पक्ष के लोगों ने भोजन करने केे बाद विदाई की बेला में आयोजकों ने सभी को उपहार देकर विदा दी।
इन जोड़ाें की हुई शादी
सपना संग योगेश, सोनल संग उमेश, पार्वती संग अमित, माया संग आनंद, रुपाली संग दीपक, निधि संग विनीत, शारदा संग अंशु, पूजा संग अनिल, संगीता संग राममनोहर, सीमा संग सत्यनारायन, सोनम संग रेशु को वरमाला पहनाकर सात फेरे लिए। परिजनों ने वर, वधु को आशीर्वाद दिया।
यह मिला उपहार
समारोह में प्रत्येक जोड़े को मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी, कूलर पंखा, मिक्सी, सिलाई मशीन, बेड, गद्दा, तकिया, अलमारी, गैस चूल्हा, डिनर सेट, बर्तन सेट, पांच साड़ी समेत अन्य उपहार दिया। इस दौरान कुलदीप अग्रवाल, पिंटू अग्रवाल, महेंद्र, पवन, ओमप्रकाश, आकाश, धीरेंद्र, कृष्ण कुमार, मोहन गर्ग आदि मौजूद रहे।