कुठौंद। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अल्पना बरतारिया ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को प्रदत्त सुविधाओं का हाल जाना तथा सीधे उनसे संवाद स्थापित कर जानकारी ली।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण भी किया। सबसे पहले वे ओपीडी कक्ष में पहुंची। जहां पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. अरुण कुमार तिवारी मरीजों को देख रहे थे। मरीजों की संख्या अधिक होने की वजह से वह स्वयं मरीजों की समस्याओं को सुन उनका चिकित्सीय उपचार करने लगीं। इसके बाद वह सीधे प्रसव कक्ष में पहुंची तथा प्रसव पीड़ा से कराह रही महिलाओं का उपचार कर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स एवं उनके सहयोगियों को
निर्देश दिए कि सुरक्षित प्रसव कराना आप सबकी जिम्मेदारी है। साथ ही जब तक जच्चा बच्चा पूर्ण रूप से स्वस्थ न हो जाए तब तक उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज न किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रांट रजिस्टर ओपीडी रजिस्टर, औषधालय, पैथोलॉजी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान फार्मासिस्ट डॉ सुरेश चंद्र, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ अवनीश कुमार सचान आदि मौजूद रहे।