कस्बा मेंडू निवासी स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Self
स्वाधीनता दिवस पर दिल्ली स्थित लाल किले की प्राचीर पर आयोजित मुख्य समारोह में हाथरस जिले के कस्बा मेंडू का नाम गर्व से ऊंचा हुआ। कस्बे के युवक और भारतीय वायुसेना में कार्यरत स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के भव्य कार्यक्रम में अपनी जांबाजी और कार्यकुशलता का लोहा मनवाया। उन्होंने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से लाल किले की प्राचीर पर मौजूद गणमान्य अतिथियों और वहां मौजूद जनसमूह पर पुष्प वर्षा की।
अंकित वार्ष्णेय की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी सफलता की खबर जैसे ही मेंडू और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, पूरे कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके पिता मुकेश वार्ष्णेय भी भारतीय सेना (आर्मी) से सेवानिवृत्त हैं, जिनसे प्रेरणा लेकर अंकित ने देश सेवा का मार्ग चुना। उनके परिवार की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
समारोह के सफल संपन्न होने के बाद मेंडू स्थित उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का जमावड़ा लग गया। अंकित के चचेरे भाई प्रदीप वार्ष्णेय और संदीप मोहन वार्ष्णेय को कस्बे के लोगों ने मिठाई खिलाकर अपनी शुभकामनाएं दीं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंकित वार्ष्णेय ने न केवल अपने परिवार और कस्बे का बल्कि पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है।