हाथरस जंक्शन के गांव जाफराबाद में मंगलवार देर रात आवेश में आकर युवती ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। बाजार जाने को लेकर मां से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
जाफराबाद निवासी संतोष कुमार की 18 वर्षीय बेटी प्रिया इंटरमीडिएट की छात्रा थी। मंगलवार शाम को प्रिया लाड़पुर बाजार जाना चाह रही थी, लेकिन शाम होने के कारण मां ने साफ इन्कार कर दिया और उसे डांट भी लगा दी थी। इसी से क्षुब्ध होकर मंगलवार देर रात उसने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया।
परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल में ले गए। वहां भी हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि परिवार में विवाद के बाद युवती के विषाक्त का सेवन करने की जानकारी मिली है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद