फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras: पंखा सही करने के दौरान माता-पिता के सामने रैलिंग से चिपका रह गया बेटा, करंट से मौत, छाया मातम

Tue, 30 Jun 2026 10:39 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

दीपक लोहे की रैलिंग पर खड़े होकर तार छील रहा था, तभी उसे करंट लगा और वहीं चिपका रह गया। दीपक के पिता व मां वहीं सामने बैठे थे। काफी देर तक उसे खड़ा देख मां को शक हुआ। उन्होंने दीपक को आवाज लगाई। इतने में ही वह नीचे गिर गया।
विज्ञापन
मृतक दीपक जोशी - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाथरस के बुर्ज वाला कुआं स्थित शनिदेव मंदिर पर 30 जून की सुबह पंखे का कंडेंसर बदल रहे पुजारी के बेटे दीपक जोशी (32) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक के माता-पिता सामने ही बैठे हुए थे। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।

विज्ञापन


मंदिर के पुजारी महेशचंद्र जोशी का बेटा दीपक मसाला फैक्टरी में काम करता था। मंगलवार की सुबह करीब 11.30 बजे वह मंदिर के बाहर लगे पंखे को ठीक कर रहा था। कंडेंसर बदलने के दौरान दीपक ने ध्यान नहीं दिया कि तार बिजली के बोर्ड में लगा है।

दीपक बाहर लगी लोहे की रैलिंग पर खड़े होकर तार छील रहा था, तभी उसे करंट लगा और वहीं चिपका रह गया। दीपक के पिता व मां वहीं सामने बैठे थे। काफी देर तक उसे खड़ा देख मां को शक हुआ। उन्होंने दीपक को आवाज लगाई। इतने में ही वह नीचे गिर गया। माता-पिता के चीखने की आवाज सुन आस-पड़ोसी एकत्रित हो गए। दीपक को अचेत हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही मां बदहवास हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। साथ आए लोगों ने उन्हें संभाला।
विज्ञापन


अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। मृतक ने अपने पीछे चार बच्चे व पत्नी को बिलखते हुए छोड़ा है। सबसे छोटा बेटा छह माह का है। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

परिवार में तीसरे भाई की मौत से मातम
मंदिर के पुजारी महेशचंद्र के पांच बेटों में से दीपक चौथे नंबर का था। महेशचंद्र के बड़े बेटे आकाश की करीब एक दशक पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। तीसरे नंबर के बेटे रिंकू की चार साल पहले गांव सोखना स्थित स्विमिंग पूल में डूबकर मौत हो गई थी और अब परिवार पर तीसरे बेटे की मौत की दुख टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना से सभी स्तब्ध हैं। पिता महेशचंद्र भी बीमार हैं। सोमवार को ही वे आगरा से ऑपरेशन कराकर घर लौटे थे। उन्हें पथरी के कारण संक्रमण हो गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें