गांव मढ़ापिथू में पत्नी से विवाद के बाद घर की छत पर चढ़ा युवक। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : Social Media
थाना क्षेत्र के गांव मढ़ापिथू में मंगलवार देर शाम पत्नी से विवाद के बाद एक युवक दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ गया और कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने मशक्कत के बाद युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
गांव मढ़ापिथू निवासी पवन कुमार का अपनी पत्नी से पिछले कई वर्षों से विवाद है। मंगलवार को वह सादाबाद से तारीख कर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद पत्नी से कहासुनी हो गई, जिससे नाराज होकर वह शाम करीब छह बजे मकान की छत पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए।पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने समझाबुझा कर युवक को नीचे उतारा और उसे कोतवाली ले आई। युवक ने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर पहले भी कई बार मामला कोतवाली पहुंच चुका है और एक मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि युवक को समझाया गया है और परिवार में विवाद न बढ़ाने की सलाह दी गई है। संवाद