गणतंत्र दिवस पर एक युवक द्वारा जान जोखिम में डालकर मोबाइल टावर पर चढ़कर झंडा फहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवक की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन
वीडियो थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती का बताया जा रहा है। घनी आबादी वाले इलाके में युवक की यह खतरनाक हरकत देखकर लोग दंग रह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। हालांकि यह कार्य देशभक्ति की भावना से प्रेरित था, लेकिन इससे युवक की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
इतनी ऊंचाई पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के चढ़ना बेहद जोखिम भरा था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान करने में जुटी है। सीओ योगेंद्रकृष्ण नारायण ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।