निबंध प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी। संवाद
राजकीय महाविद्यालय कुरसंडा में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बीए द्वितीय वर्ष के यश ने प्रथम, बीकॉम प्रथम वर्ष के कृष ने द्वितीय व बीए प्रथम वर्ष के कुणाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. मृदुला गौतम ने किया। उन्होंने कहा कि निबंध लेखन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलता है और उनमें रचनात्मकता तथा सामाजिक जागरूकता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में बीए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के 12 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभाव, युवाओं पर इसके प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में डॉ. शैलेन्द्र सिंह कुशवाह, डॉ. हेमंत कुमार और डॉ. राधा शर्मा रहे। प्राचार्य प्रो. डॉ. मृदुला गौतम ने विजेता छात्र-छात्राओं के साथ सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।