शहर के आगरा रोड स्थित 33/11 केवी गिजरौली विद्युत उपकेंद्र में देहात क्षेत्र के वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) में मंगलवार सुबह आग लग गई। इसकी चपेट में आने से सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) झुलस गया। उसे उपचार के लिए शहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वीसीबी में आग लगने से उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों की बिजली पूरे दिन गुल रही। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी में बढ़ी ओवरलोडिंग के चलते विद्युत उपकरण जवाब दे रहे हैं। मंगलवार की सुबह पांच बजे शहर के आगरा रोड स्थित 33/11 केवी गिजरौली देहात उपकेंद्र की वीसीबी में धमाके के साथ आग लग गई। वीसीबी से निकले गर्म तेल की चपेट में आने से वहां तैनात सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) सादाबाद क्षेत्र के गांव वेदई निवासी चंद्रमोहन शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए। उपकेंद्र पर तैनात अन्य कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और गंभीर रूप से झुलसे एसएसओ को तुरंत ही नजदीक के ही एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
वीसीबी में आग लगने से गिजरौली, नगला मियां, मीतई, कुंवरपुर, नगा बेरिया, नगला टीका आदि इलाकों की पूरे दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही। बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी में लोगों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में लोगों को सबसे ज्यादा पेयजल संकट की समस्या का सामना करना पड़ा। बूंद-बूंद पानी के लिए लोग खासे परेशान रहे। हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। दोपहर होते-होते इन्वर्टर भी दम तोड़ गए। ऐसे में लोग पंखे की हवा तक के लिए तरस गए। शाम को आपूर्ति बहाल होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।
भीषण गर्मी में पहले से ही काफी ज्यादा कटौती हो रही है। मंगलवार को भी पूरे दिन बिजली गुल रहने से काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
-रामहरी सिंह, निवासी गिजरौली।
पूरे दिन बिजली गुल रहने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। इधर-उधर से पानी लाकर काम चलाना पड़ा है।
-सत्यपाल चौधरी, निवासी गिजरौली।
गिजरौली स्थित विद्युत उपकेंद्र की वीसीबी में मंगलवार की सुबह लग गई, जिससे वहां तैनात एसएसओ झुलस गया। झुलसे हुए एसएसओ को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घंटे के लिए उपकेंद्र से जुड़े इलाकों की आपूर्ति बाधित रही। दोपहर में ही आपूर्ति को बहाल कर लिया गया।
-नरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता द्वितीय