महिला की मौत के बाद हॉस्पिटल में रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
बृहस्पतिवार को अलीगढ़ में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर खांडा मार्केट स्थित एक हॉस्पिटल में परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि महिला का ऑपरेशन इसी अस्पताल में हुआ था। इस दौरान लापरवाही बरतने से उसकी मौत हो गई। एसडीएम एवं सीएचसी अधीक्षक के निर्देश पर हॉस्पिटल को सील कर दिया गया।
एटा के पिलुआ निवासी रघुवीर सिंह के पुत्र शिशुपाल ने कोतवाली में इसको लेकर तहरीर दी है। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी सीमा देवी अपने मायके के गांव थाना हसायन अंर्तगत महाराजपुर में आई थी। बुधवार को उसके पेट में दर्द हुआ तो उसे सिकंदराराऊ के जीटी रोड स्थित एक हॉस्पिटल में इलाज के लिए लाया गया। अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया।
उन्हें संदेह है कि लापरवाही बरतने पर उसकी मृत्यु हुई है। अस्पताल में इस दौरान भारी भीड़ लग गई। इधर, अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला को अलीगढ़ हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां उसे खून भी चढ़ाया गया। वहीं, पर महिला की मृत्यु हो गई। कोतवाल अशोक कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।