हाथरस : पानी की टंकी से कूदने का प्रयास करता योगेश। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
सहपऊ में नाराज युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने का मामला लोग भूले भी नहीं थे कि बृहस्पतिवार को ऐसा ही वाकयासादाबाद तहसील परिसर में दोहराया गया। एक युवक नाराजगी व्यक्त करने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस-प्रशासन के पसीने छूट गए। युवक मारपीट के मुकदमे में दो आरोपियों के नाम निकाले जाने से नाराज था। युवक दोपहर करीब 12.35 बजे टंकी पर चढ़ा और 1.28 बजे करीब एक घंटे बाद इंस्पेक्टर अपराध राकेश बाबू ने आश्वासन देकर उसे नीचे उतार लिया।
क्षेत्र के गांव पिपरामई में करीब एक साल पहले हुई मारपीट के मामले में योगेश कुमार पुत्र रामचरण गौड़ द्वारा विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कई लोगों को इस मामले में नामजद किया गया था। बिसावर चौकी प्रभारी द्वारा इस मामले की विवेचना की जा रही थी। विवेचना में दो आरोपियों के नाम निकाल दिए गए। योगेश कुमार ने इसे लेकर पुलिस से नाराजगी भी व्यक्त की थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को योगेश कुमार तहसील पहुंचा और तहसील परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर मरने की धमकी देने लगा।
यह देखकर टंकी के आसपास भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पसीने छूट गए। युवक को नीचे लाने का प्रयास किया जाने लगा, लेकिन वह नामजदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा था। उसका कहना था कि इस मामले में उन दो लोगों के नाम निकाल दिए गए, जिन्होंने उसके साथ मारपीट की थी। काफी देर बाद नामजदों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर युवक टंकी से नीचे उतर आया। सादाबाद कोतवाल आशीष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के मुकदमे में तीन दिन पहले ही पुन: विवेचना के आदेश हो गए हैं। कार्रवाई की जा रही है। संवाद