सादाबाद के विद्युत उपकेंद्र पर विद्युत अधिकारियों से होती महिलाओं की नोकझोंक। संवाद
- फोटो : Samvad
नगर में स्मार्ट मीटर और बिजली आपूर्ति की अव्यवस्था पर उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। नगर के कृष्णा नगर और प्रकाश नगर की महिलाएं बड़ी संख्या में मरघट रोड स्थित 33/11 केवी बिजलीघर पहुंच गईं और वहां नारेबाजी की। महिलाओं के हाथों में लाठी-डंडे देखकर वहां मौजूद कर्मचारी सकते में आ गए। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने कैश काउंटर की खिड़की का शीशा तोड़ दिया।
महिलाओं की अधिकारियों व कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद महिलाओं को शांत कराया जा सका।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना था कि उनके मोहल्लों में बिना किसी पूर्व सूचना के कई घरों की बिजली काट दी जा रही है। स्मार्ट मीटर में रिचार्ज कराने के बावजूद बिजली केवल दो-तीन दिन ही चलती है और उसके बाद अचानक कट जाती है। उनका आरोप है कि मीटर में डाला गया बैलेंस भी एक-दो दिन में माइनस में चला जाता है और बिजली फिर गुल हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बकाया जमा करने के बाद भी 24 घंटे में बिजली सुचारू नहीं हो रही।
महिलाओं ने यह भी बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में पेयजल संकट सहित अन्य दैनिक समस्याएं खड़ी हो रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर को हटाकर सामान्य मीटर लगाने, बिजली आपूर्ति को नियमित करने और समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।
- मोहल्ला कृष्णा नगर और प्रकाश नगर की महिलाओं ने विद्युत अव्यवस्था के संबंध में कोई भी प्रार्थना पत्र नहीं दिया है, जिससे उनकी समस्या का समाधान किया जाए। महिलाओं ने कैश काउंटर का शीशा भी तोड़ दिया।
-अजय कुमार, अवर अभियंता, सादाबाद।