गांव करैया में एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में प्लास्टिक की रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने देवरों और देवरानियों पर महिला की हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव करैया निवासी गुड्डी (40) पत्नी रनवीर सिंह का शव शनिवार दोपहर मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे की छत पर लगे लोहे के गाटर में प्लास्टिक की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई शिव कुमार पुत्र किशन सिंह निवासी गांव भूड़ा (बराली) थाना बल्देव का कहना था कि उसके जीजा लकवा रोग पीड़ित हैं। वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनके इलाज में काफी रुपये खर्च हो रहा है। आरोप है कि गुड्डी के देवर एवं देवरानी, रनवीर सिंह के इलाज में खर्च हो रहे रुपये को लेकर लड़ाई-झगड़ा करती रहती थी।
गुड्डी ने उसे दो दिन पहले फोन किया था कि सुसराल में उसे तंग किया जा रहा है। शनिवार को भी फोन कर उसे शीघ्र ही गांव आने को कहा था। फिलहाल कोतवाली में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाल श्याम सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।