सादाबाद। कस्बे की पशु अस्पताल वाली गली में बुधवार को 35 वर्षीय रीना की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने पर पुलिस और परिजनों के बीच विवाद हो गया।
शाम को अंतिम संस्कार के लिए अर्थी ले जाते समय पुलिस ने परिजनों को रोकने का प्रयास किया तो महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच तनातनी व नोकझोंक भी हुई। इसके बावजूद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर की पशु अस्पताल वाली गली निवासी राजू की पत्नी रीना की बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को देखते हुए पुलिस पोस्टमार्टम कराने पर जोर दे रही थी। वहीं, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार करना चाहते थे।
बुधवार शाम करीब 7:30 बजे परिजन अर्थी लेकर घर से निकलने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर मौजूद महिलाओं ने विरोध जताया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। इसके बाद महिलाएं अर्थी लेकर मोक्षधाम की ओर बढ़ गईं। मोक्षधाम पहुंचने पर परिजनों ने अर्थी को अंदर ले जाकर मुख्य द्वार बंद कर दिया और रीना देवी का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या महिला की मौत हार्ट अटैक से होना सामने आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।