कस्बे के ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर स्थित संविलियन विद्यालय द्वितीय में शनिवार सुबह मध्याह्न भोजन के दौरान महिला कांस्टेबल पर छात्र से गाली-गलौज करने और पीटने का आरोप लगा है। इस मामले में कांस्टेबल के खिलाफ प्रधानाध्यापक ने पुलिस को शिकायत दी है।
प्रधानाध्यापक द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि शनिवार को मध्यांतर के समय करीब 10:45 बजे महिला कांस्टेबल ने पहुंचकर कक्षा छठवीं के 10 वर्षीय छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए उसको बुरी तरह पीटा। कांस्टेबल पर विद्यालय की छवि धूमिल करने का प्रयास करने और मध्याह्न भोजन में व्यवधान डालने का आरोप है।
जानकारी मिली है कि महिला कांस्टेबल छात्र पर रुपये चोरी करने का आरोप लगा रही थी। कांस्टेबल का कहना है कि वह उसी छात्र के यहां किराये पर रहती है। वह अक्सर उसके रुपये चोरी कर लेता है। अब तक उसके हजारों रुपये चोरी हो चुके हैं। प्रधानाध्यापक ने महिला कांस्टेबल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।