शहर में एक दुकान पर सजी आइसक्रीम व कोल्ड डि्रंक। संवाद
- फोटो : Samvad
मौसम के अचानक बदले मिजाज से कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम का कारोबार पूरी तरह ठंडा पड़ गया है। कुछ दिन पहले तक जहां इन उत्पादों की मांग तेजी पर थी, वहीं अब दुकानों के फ्रिजर स्टॉक से भर गए हैं और बिक्री लगभग ठप हो गई है।
दुकानदारों ने गर्मी की शुरुआत को देखते हुए करीब आठ दिन पहले ही बड़ी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम का स्टॉक मंगाया था। उस समय तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण बिक्री अच्छी चल रही थी, लेकिन अचानक मौसम में ठंडक बढ़ने और कोहरे जैसे हालात बनने से ग्राहकों की संख्या में भारी कमी आ गई।
दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द ही मौसम में फिर से गर्मी नहीं बढ़ी, तो उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। फिलहाल वे ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर और छूट देने की योजना बना रहे हैं, ताकि स्टॉक को समय रहते खपाया जा सके।
गर्मी को देखते हुए हमने काफी स्टॉक मंगा लिया था। पहले रोजाना अच्छी बिक्री हो रही थी, लेकिन अब हालत ये हैं कि फ्रीजर भरे पड़े हैं और ग्राहक बहुत कम आ रहे हैं। -शुभम, आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक विक्रेता।
कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम का सीजन शुरू होते ही हमने तैयारी कर ली थी, लेकिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। अब हमें सबसे ज्यादा चिंता एक्सपायरी की है, क्योंकि इन उत्पादों की वैधता तीन से छह महीने तक ही होती है।
-संभव, आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक विक्रेता।