मुरसान ब्लॉक के गांव नगला कुंवरजी निवासी देवी चरन अपनी बीमार पत्नी ओमवती का पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। कर्मचारी राज्य बीमा का उन्हें लाभ नहीं मिलने पर उन्होंने अब डीएम से शिकायत की है।
डीएम को दिए शिकायती पत्र में देवी चरन ने कहा कि वह जिला उपभोक्ता फोरम हाथरस में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय में उन्होंने बीमा करा रखा है। बीमा की संख्या भी दी गई है। उनकी पत्नी को पथरी है।
इसका उपचार कराने के लिए जब वह कर्मचारी राज्य बीमा औषद्यालय हाथरस गए तो वहां से उनकी पत्नी को अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ पहुंचे तो चिकित्सकों ने उन्हें हाथरस के लिए भेज दिया। वह जिला अस्पताल भी गए, लेकिन वहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। वह काफी गरीब हैं और प्राइवेट हॉस्पीटल में उपचार कराने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा का उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। डीएम से उन्होंने इस योजना का लाभ दिलाए जाने का आग्रह किया है। ब्यूरो