हसायन। गांव कटाई में एक परिवार में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब घर की साफ-सफाई करते समय करंट लगने से घर के बड़े बेटे की मौत हो गई। हादसा घर के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन से लोहे की सरिया टकराने के कारण हुआ।
पुरदिलनगर मार्ग स्थित ग्राम पंचायत बपंडई के माजरा गांव कटाई निवासी राजकुमार का 25 वर्षीय पुत्र गुड्डू पानीपत में रहकर बर्तन बेचने और कबाड़ खरीदने का काम करता था। वह दिवाली पर गांव आया था। शनिवार सात नवंबर को वह पिता के साथ घर की सफाई कर रहा था। इसी दौरान लोहे की सरिया छत पर रखने के लिए ले जाते समय घर के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की विद्युत लाइन से छू गई। सरिया में करंट उतरने से गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने विद्युत उपकेंद्र पुरदिलनगर के अवर अभियंता को सूचना दी। पिता राजकुमार ने कोतवाली में प्रभारी मनीष कुमार चिकारा को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया। रविवार को बिना पोस्टमार्टम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुड्डू छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी चार साल पहले शादी हुई थी और एक साल की बेटी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से हादसे की जांच कराने और घरों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।