हाथरस। सिकंदराराऊ रोड स्थित एआरटीओ ऑफिस के सामने बने स्वीमिंग पूल में नहाते समय एक युवक की मौत हो गई। युवक नहाने के लिए जब स्वीमिंग में कूदा तो उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां से गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। इधर, देर रात स्वीमिंग पूल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सिकंदराराऊ रोड पर एआरटीओ कार्यालय से थोड़ा सा आगे निहारिका स्वीमिंग पूल है। रविवार को बुर्ज वाला कुआं निवासी रिंकू जोशी पुत्र महेशचंद्र जोशी भी वहां नहाने के लिए गया था। उसने स्वीमिंग पूल में ऊपर से छलांग लगाई तो पानी में डुबकी के साथ ही उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ देर के लिए वह पानी में ही पड़ा रहा। जब वह बाहर नहीं निकला तो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे बाहर निकाला। उसके साथ गए लोग उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।
वहां से गंभीर हालत में उसे आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय रास्ते में ही रिंकू ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद कर्मियों और अन्य लोगों ने उसकी कोई सुधि नहीं ली। इधर, स्वीमिंग पूल कर्मी नरेंद्र का कहना था कि नहाने की वजह से युवक की मौत नहीं हुई। उसने मुंह में गुटका खाकर छलांग लगाई थी। इसकी वजह से उसकी मौत हो सकती है। वहीं, जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. नवनीत अरोड़ा ने बताया कि जब युवक को लाया गया तो उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। तभी उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया था।