हाथरस। शासन की नीति के अनुसार जिले में शुक्रवार से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। जिले में कुल 52 क्रय केंद्रों पर यह खरीद होगी। अभी तक शासन से जिले में खरीद का कोई लक्ष्य नहीं मिला है। खरीद की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शासन ने सभी जिलों के खाद्य अफसरों को लखनऊ बुलाया है। वहां से ही उन्हें जिलेवार लक्ष्यों का आवंटन होगा, जिसके बाद जिला स्तर से क्रय एजेंसियों को लक्ष्य बांटे जाएंगे।
शुरुआत में क्रय एजेंसियों को किसानों के भुगतान के लिए 15-15 लाख रुपये की नकदी दी जा रही है। गेहूं की पैकिंग के लिए बोरों का इंतजाम भी किया जा रहा है। शासन ने 1,525 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का समर्थन मूल्य जरूर तय कर दिया है। जिले में इस बार भी गेहूं की पूरी खरीद केंद्रीय पूल में ही होगी। मतलब, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए पूरा गेहूं केंद्र सरकार के मार्फत ही जिले को मिलेगा। हालांकि अधिकारी मान रहे हैं कि अभी क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक शुरू होने में कम से कम 10 दिन तो लग ही जाएंगे।
कहां कितने खरीद केंद्र खुलेंगे
पीसीएफ को इस बार भी सर्वाधिक 35 क्रय केंद्रों के माध्यम से गेहूं खरीद की अनुमति दी गई है। पीसीएफ के यह गेहूं क्रय केंद्र हाथरस जंक्शन, महौ, मिर्जापुर, लाखनू, बरवाना एट बोनई, मुरसान पूर्वी, चंदपा पश्चिम, पटाखास, खेड़ा बरामई, सलेमपुर, रुहेड़ी, सिकंदराराऊ मंडी समिति, दहगवां, बरतर खास, कचौरा, नवीन खेड़िया, क्षेत्रीय सहकारी समिति हसायन, गंगापुर, बस्तोई, बपंडई, फुलरई मुगलगढ़ी, बरसौली, पुरदिलनगर, पीसीएफ हसायन, अमृतपुर, तालिमपुर एट सुल्तानपुर, नवीन पोरा, सहपऊ पूर्वी, धाधऊ, रसगवां, नगला सलेम, मांगरू, गुतहरा, राजनगर एट सहवाजपुर, खोंड़ा पर संचालित रहेंगे। खाद्य विभाग के तीन क्रय केंद्र संचालित होंगे। इनमें नवीन मंडी स्थल हाथरस, नवीन मंडी स्थल सिकंदराराऊ, नवीन मंडी स्थल सादाबाद होंगे। यूपीएसएस के क्षेत्रीय सहकारी संघ सिकंदराराऊ, क्रय विक्रय समिति सिकंद्रराराऊ, अगसौली, सुजावलपुर, नीरजा गोकुलपुरा, कपसिया, बाजिदपुर, नगला मियां, विलार, चमरौली, भुर्रका पर संचालित होंगे। यूपी स्टेट एग्रो द्वारा नवीन मंडी स्थल सिकंदराराऊ एवं कर्मचारी कल्याण निगम द्वारा नवीन मंडी स्थल सिकंदराराऊ में गेहूं खरीद की जाएगी।
लखनऊ में बैठक होने वाली है। इसमें जिलेवार खरीद के लक्ष्य दिए जाएंगे। बोरों की सप्लाई आने वाली है। सभी क्रय एजेंसियों को 15-15 लाख रुपये की नकदी आवंटित करने के निर्देश दिए गए हैं।
- नरेंद्र कुमार, आरएम अलीगढ़