जिले में अभी गेहूं की कटाई शुरू नहीं हुई है। इस बीच 64 क्रय केंद्रों पर सरकारी खरीद की शुरुआत हो गई है। इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
रबी के सीजन में जिले के किसान प्रमुख रूप से गेहूं और आलू की फसल उगाते हैं। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष जिले में करीब 81622 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की फसल उगाई गई है। वर्तमान में गेहूं की फसल में दाने पड़ चुके हैं। हालांकि अभी गेहूं की कटाई शुरू नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने जिले में सोमवार से सरकारी क्रय केंद्रों का संचालन शुरू करा दिया है।
पहले दिन सभी क्रय केंद्रों पर कर्मचारी हाथ पर हाथ रखकर बैठे रहे। गेहूं का एक भी दाना किसी क्रय केंद्र पर नहीं पहुंचा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी शिशिर कुमार का कहना है कि क्रय केंद्र शुरू हो चुके हैं। अभी फसल की कटाई शुरू नहीं हुई है। कटाई शुरू होने के बाद खरीद होने लगेगी।