राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी अलीगढ़
- फोटो : अमर उजाला
राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय अलीगढ़ से संबद्ध हाथरस, अलीगढ़, एटा और कासगंज जिले के महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए वेब पंजीकरण की प्रक्रिया अब बंद हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को अंतिम अवसर देते हुए 7 अक्तूबर तक पंजीकरण की तिथि बढ़ाई गई थी। यह अवधि मंगलवार को समाप्त हो गई।
अब तक जिले के अधिकांश महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्रों ने वेब पंजीकरण पूर्ण कर लिया है। इनकी प्रवेश की प्रक्रिया शीघ्र ही संबंधित महाविद्यालयों में शुरू की जाएगी। अब कोई भी नया छात्र ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा सकेगा। अब केवल वही छात्र प्रवेश प्रक्रिया में सम्मिलित होंगे, जिन्होंने समय रहते वेब पंजीकरण कराया है।
देर करने वाले विद्यार्थियों को अब अगली प्रवेश प्रक्रिया का इंतजार करना होगा। सभी महाविद्यालयों में पंजीकृत विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उनके प्रवेश लेना शुरू कर दिया जाएगा, ताकि आगामी शिक्षण सत्र नियमित रूप से प्रारंभ हो सके। पीसी बागला महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. महावीर सिंह छोंकर ने बताया कि रिक्त सीटों पर वेब पंजीयन कराने वालों को प्रवेश दिया जाएगा।