क्षेत्र में जिला एटा एवं जिला हाथरस के दो गांवों के ग्रामीण सड़क पर जलभराव को लेकर आमने सामने आ गए। सूचना पर मौके पर दोनों जिलों की पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी से सड़क की मरम्मत करवाने का भी आश्वासन दिया।
जानकारी के मुताबिक हाथरस जिला के अंतिम गांव बहादुरपुर देवकरण के जाने के लिए जलेसर रोड मानिकपुर से सड़क जाती है। इसी मार्ग पर जिला एटा का गांव भ्याँऊ पड़ता है। भ्याँऊ गांव में इस सड़क का कुछ हिस्सा टूट चुका है, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव हो जाता है। सड़क पर गड्डे होने से हादसे होते हैं। बहादुर पुर देवकरण के ग्रामीणों को काफी आने जाने में दिक्कत होती है। इसे लेकर बहादुरपुर देवकरण के ग्रामीणों ने भ्याँऊ के लोगों से कहा कि वह ग्राम प्रधान से उस टूटी सड़क पर मिट्टी डलवा दें, जिससे दुर्घटनाएं होने से रुक जाएं ।
भ्याँऊ के लोगों का कहना था कि यह सड़क जिला हाथरस के पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत आती है वह ही इसकी मरम्मत करेगा । इसी बात को लेकर दोनों गांवों के लोग आमने सामने आ गए । दोनों ओर से काफी देर तक कहासुनी हुई । सूचना मिलने पर सहपऊ एवं जलेसर की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों गांवों को लोगों को शांत कराया। बहादुर पुर देवकरण के ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल एवं एसडीएम सादाबाद से भी शिकायत की है।