बारिश के बाद शहर के कई मोहल्लों में जलभराव और कीचड़ की समस्या बढ़ गई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर पानी भरने और नालियां जाम होने के कारण बाइक, ई-रिक्शा तथा पैदल चलने वालों को फिसलन व दुर्घटना का डर बना हुआ है।
नगला अलगर्जी से गांव सीर जाने वाले मार्ग पर नाले की पुलिया का निर्माण हो रहा है। इससे अस्थायी रास्ते में कीचड़ हो गया है। बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक से विष्णुपुरी होते हुए अलीगढ़ रोड जाने वाले मार्ग पर नालियां जाम हैं। इसमें थोड़ी बारिश में ही पानी भर जाता है। जलेसर रोड पर पुराने बर्फ खाने के पास भी जलभराव है।
थोड़ी बारिश में ही जलभराव और कीचड़ से फिसलन हो जाती है, शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं होती।
विपिन कुमार, जलेसर रोड।
नालियां समय से साफ नहीं होतीं। प्राइवेट बसों, टेंपो व दोपहिया वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।
हिमांशु पंडित, जलेसर रोड।
अलीगढ़ रोड से जुड़ा यह शॉर्टकट रूट है और बारिश में जलभराव होने से लोग परेशान रहते हैं।
अमित कुमार, विष्णुपुरी।
जलभराव से खंदारीगढ़ी, विष्णुपुरी, सिद्धार्थ नगर, गंगानगर और नगला अलगर्जी के लोग परेशान हैं।
मुकेश कुमार, विष्णुपुरी।
पुलिया निर्माण चल रहा है और रास्ते में कीचड़ है, जिससे बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं।
अभय कुमार, गांव सीर।