शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से कूड़ा प्रबंधन के लिए की जा रही कवायद नाकाफी साबित हो रही है। वर्तमान समय में शहर के 60 वार्डों से करीब 143 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। इसमें मात्र 10 टन का ही निस्तारण हो पा रहा है। बाकी का कूड़ा ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में पड़ा हुआ है जो अब पहाड़ की शक्ल अख्तियार करने लगा है। आए दिन इस कूड़े में आग लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्ष 2018 में नगर निगम बना था तब मात्र 41 वार्ड थे। बाद में वार्ड बढ़कर 60 हो गए। साथ ही प्रतिदिन निकलने वाले कूड़ा की तादाद भी बढ़ गई। सभी वार्डों से निकलने वाला कूड़ा ककरा स्थित डंपिंग ग्राउंड पर पहुंचाया जाता है। प्रतिदिन 143 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्रित किए जाने से कुछ ही वर्षों में डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े के पहाड़ खड़े हो गए। तब नगर निगम की ओर से शहर के वार्डों से निकलने वाले कूड़े का प्रबंधन किए जाने को लेकर प्रयास शुरू किए गए। इसके लिए सबसे पहले शहरवासियों से खुले में कचरा नहीं डालने, घरेलू कचरे को सूखा और गीला अलग-अलग कर देने तथा गीले कचरे से खाद बनाकर किचन गार्डन या गमलों में इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ तमाम जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ककरा में ही डंपिंग ग्राउंड के पास एमआरएफ सेंटर का निर्माण करवाया गया है। जहां पर शहर के वार्डों से एकत्रित होकर आने वाले कूड़े को अलग-अलग करने काम होता है। लेकिन इसकी क्षमता काफी कम है।
पांच एमआरएफ सेंटर बनना प्रस्तावित : नगर निगम की ओर से पांच मेटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटरों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से खिलौली स्थित सेंटर का निर्माण लगभग पूरा होना बताया जा रहा है। मोहम्मदी रोड, अजीजगंज, सतवां, अहमदपुर नियाजपुर में एमआरएफ सेंटर बनने हैं। प्रत्येक एमआरएफ सेंटर की क्षमता पांच टन होगी। इनके बनने के बाद कूड़ा सभी सेंटरों पर भेजकर निस्तारित किया जाएगा। इसके बाद शहरवासियों को कूड़े से राहत मिलने की संभावना है। इनके अलावा दो वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट तैयार हैं, जोकि ककरा और खिलौली में स्थित है। जहां पर कूड़े से खाद बनाने का काम होता है।
मोहल्ला समितियां की जा रहीं गठित : घरों से निकलने वाले कूड़े का प्रबंधन मौके पर ही हो सके, इसके लिए नगर निगम की ओर से मोहल्ला समितियां बनाई जा रहीं हैं। वर्तमान समय में 12 मोहल्ला समितियां गठित हो चुकी हैं। सबसे पहली मोहल्ला समिति का गठन खिरनीबाग वार्ड में किया गया था। इसको मॉडल मानकर दूसरे मोहल्लों में भी समिति गठित करने पर जोर दिया जाता है। खिरनीबाग की मोहल्ला समिति की ओर से घरों से कूड़ा उठान करवाया जा रहा है।
कूड़ा उठान के लिए नगर निगम की व्यवस्थाएं
950 - सफाईकर्मी
32 - वाहन
27 - टाटा मैजिक
60 - ई-रिक्शा
150 - साइकिल ठेली
-
नगर निगम की ओर से कूड़ा निस्तारण के लिए प्रयास जारी हैं। दो एमआरएफ सेंटर संचालित हैं, जिन पर 10 टन कूड़ा निस्तारित होता है। इनके अलावा पांच एमआरएफ सेंटर प्रस्तावित हैं, जिनके बनने के बाद कूड़ा निस्तारण अधिक मात्रा में हो सकेगा। - डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम शाहजहांपुर।