कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू के मोहल्ला सुभाष नगर में शुक्रवार की शाम को बारिश और आंधी में दीवार गिरने से सात लोग घायल हो गए। कस्बा मेंडू के मोहल्ला सुभाष नगर में घेर में कुछ लोग बैठे हुए थे। अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इससे घेर की दीवार भरभराकर गिर गई। शीलेंद्र, विजय, प्रकाश, नीरज, मनोज, जय सिंह, रिंकू निवासीगण मेंडू मलबे की चपेट में आ गए और घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।