संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद में लॉक डाउन का मजाक बनाकर रख दिया गया है। सुबह सात से 11 बजे तक खुल रहे बाजारों में न सिर्फ सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि ऐसी भी वस्तुओं की बिक्री हो रही है, जिनकी बिक्री पर लॉक डाउन में प्रतिबंध लगाया गया है। इससे बाजारों में अनावश्यक भीड़ उमड़ रही है।
सादाबाद के मुख्य बाजार, बजरिया, सब्जी मंडी, विनोवा नगर चौराहा, मथुरा अड्डा, राया रोड, मुरसान रोड, सलेमपुर रोड, सहपऊ रोड आदि स्थानों पर ऐसे कई दुकानदार हैं, जो कि प्रशासन को चकमा दे रहे हैं। यह दुकानदार ग्राहकों को दुकान के अंदर कर शटर लगाकर सामान बेच रहे हैं। जैसे ही सुबह सात बजे बाजार खुलता है तो यह दुकानदार अपनी अपनी दुकानों के बाहर शटर के ताले खोलकर खड़े हो जाते हैं, जैसे ही कोई ग्राहक आता है, वैसे ही उसे दुकान के अंदर लेकर शटर को गिरा देते हैं और फिर बड़े आराम से गैर जरूरी सामान की बिक्री करते हैं। कोई अधिकारी या फिर पुलिस कर्मी न आ आए, इसके लिए दुकानदार शटर के बाहर भी अपने किसी नौकर को खड़ा कर देते हैं, जो कि उनके आने की सूचना दे सके और ग्राहकों को शटर के अंदर कर सके। इसके अलावा काफी दुकानदार आधा शटर गिराकर भी अनावश्यक वस्तुओं की बिक्री कर रहे हैं।
पान मसाला की कालाबाजारी जोरों पर
सादाबाद में पान मसाला और तंबाकू की कालाबाजारी जोरों पर है। कई दुकानदार अपने घर से ही पान मसाला और तबांकू की बिक्री चौगुने दामों पर कर रहे हैं। 150 रूपये के पान मसाले का एक पैकेट 450 से 600 रूपये में बेचा जा रहा है। इन दुकानदारों ने पान मसाले का काफी स्टॉक कर लिया है। कई जगह तो बीड़ी, सिगरेट और सुपाड़ी की भी कालाबाजारी हो रही है। फेसबुक, व्हाट्सएप पर भी पानमसाला की कालाबाजारी की चर्चा जोरों पर है।
मोबाइल दुकान का खुला आधा शटर- फोटो : SADABAD