संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में मंगलवार को चारों आरोपियों की कोर्ट के समक्ष ऑनलाइन पेशी हुई। इस मामले में अब दो जुलाई को अगली सुनवाई होगी। उल्लेखनीय है कि चंदपा क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की एक बिटिया के साथ पिछले साल 14 सितंबर को काफी जघन्य वारदात की गई थी।
इसके कुछ दिन बाद इस बिटिया ने दिल्ली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था। यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था। बिटिया की हत्या और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के चारों आरोपी संदीप, रवि, रामू व लवकुश अलीगढ़ जेल में बंद हैं।
इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ सीबीआई आरोप पत्र भी कोर्ट में दाखिल कर चुकी है। विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) की कोर्ट में यह मामला चल रहा है। मंगलवार को चारों आरोपियों की कोर्ट में वर्चुअल पेशी हुई। इसके बाद कोर्ट में अब इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 2 जुलाई की तिथि नियत की है।