बिजली कनेक्शन काटने गई टीम से ग्रामीणों से भिड़ंत
गांव सोखना में हुई घटना, विभागीय कर्मियों ने दी तहरीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में बिजली बकाया वसूलना बिजली टीमों को भारी पड़ रहा है। शनिवार को गांव सोखना गई बिजली टीम के साथ कनेक्शन काटने के दौरान लोगों की भिड़ंत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। इस मामले में विभागीय कर्मियों ने थाना हाथरस गेट में तहरीर दी है।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे का जिले में करोड़ों रुपये का बकाया पड़ा हुआ है। तमाम कोशिशों के बाद बकाया हाथ नहीं लगा तो अब विभागीय टीमों द्वारा सख्ती के साथ बकाया वसूली शुरू कर दी है। शनिवार को एसडीओ के नेतृत्व में गांव सोखना गई टीम ने बकायेदारों के कनेक्शन काटे तो लोगों का पारा चढ़ गया।
लोगों ने बिजली टीम के साथ अभद्रता कर दी। टीम वहां से भाग छूटी। मौके पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इस मामले में जेई ने संबधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।