हाथरस। तहसील सदर क्षेत्र के गांव महामौनी में ग्राम प्रधान मुर्गी फार्म बनवा रहे हैं। इसको हटाने के लिए गांव महामौनी व पदू के ग्रामीणों ने तहसील परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव महामौनी में ग्राम प्रधान द्वारा मुर्गी फार्म बनाया जा रहा है। गांव में ग्राम पंचायत पदू के बच्चे परिषदीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं। विद्यालय के पास माता पथवारी का मंदिर है। विद्यालय से करीब 70 मीटर की दूरी पर वर्तमान प्रधान द्वारा मुर्गी फार्म का निर्माण किया जा रहा है जबकि ग्रामीणों द्वारा मुर्गी फार्म न बनाने को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से वार्ता की गई है।
विज्ञापन
इस मुर्गी फार्म के के कारण अध्यापक और बच्चों का वातावरण भी दूषित हो रहा है। यहां तक की इस मुर्गी फार्म को हटाने के लिए शिक्षक भी प्रयास कर रहे हैं। मुर्गी फार्म से भयंकर बीमारी फैलने की संभावना बनी हुई है। इसे लेकर ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन कर मुर्गी फार्म हटवाने की मांग करते हुए भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। प्रधान शेर सिंह का कहना है कि मैंने फॉर्म सही ढंग से मानकों का पालन करते हुए बनवाया है। अगर फिर भी कोई कमी है तो प्रशासन जांच कर कार्रवाई करे।