ठूलई में अनशन स्थल पर ग्रामीणों से बात करते भाकियू के नेता। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ठूलई में मथुरा-बरेली राजमार्ग पर अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों व स्थानीय लोगों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग की ऊंचाई करीब पांच फुट है। इसके दोनों तरफ मलखान सिंह इंटर कॉलेज, मलखान सिंह डिग्री कॉलेज, वैष्णव ग्लोबल स्कूल और वीरांगना लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज हैं। ऐसे में ऊंचाई अधिक होने के कारण न केवल किसानों को ट्रैक्टर चढ़ाने-उतारने में दिक्कत होगी, बल्कि विद्यार्थियों को भी अपने स्कूल या कॉलेज जाने में असुविधा होगी।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष बंटी ठाकुर ने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि अगर ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
यह समस्या क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी है। अंडरपास और सर्विस रोड की मांग पूरी हो जाएगी तो धरना-प्रदर्शन खत्म कर दिया जाएगा।
-अनूप ठाकुर, ठूलई
राष्ट्रीय राजमार्ग काफी ऊंचा होने के कारण गांव जाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों को मांग की गंभीरता समझनी चाहिए।
- नाथू सिंह, ठूलई