बिजलीघर में हंगामे के बाद मौजूद ग्रामीण और पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सासनी। ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति चरमराने से ग्रामीणों में गुस्सा है। आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार की शाम को 132 केवी बिजलीघर पर आ धमके। औद्योगिक फीडर से लेकर शहरी एवं ग्रामीण अंचल की पूरी सप्लाई ठप करा दी। सूचना पर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच जमकर तकरार हुई। नोकझोंक के मध्य बिजलीघर पर ताले लटका दिए गए। समझाने बुझाने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
दरअसल, ग्रामीणों आरोप है कि जसराना फीडर को निर्धारित मात्र में सप्लाई नहीं दी जा रही है, जिससे किसानों की फसल चौपट हो रही है। आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार को 132 केवी बिजलीघर पर पहुंच गए। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर एवं ग्रामीण अंचल की सप्लाई ठप करा दी। बिजलीघर पर ताले लटका दिए। करीब एक घंटे तक हंगामा काटने के बाद सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि जसराना फीडर के उपभोक्ताओं के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। किसानों के खेत में आलू की फसल बोई हुई है।
सप्लाई नहीं मिलने से फसल चौपट हो रही है। एसएसओ वीरेंद्र पाल सिंह का कहना है कि हमारे यहां सभी फीडरों को बराबर सप्लाई दी जा रही है। इसकी जानकारी उपखंड कार्यालय पर ही मिल सकती है। एसडीओ नागेंद्र सिंह का कहना है कि जसराना फीडर पर ग्रामीण नलकूप एवं लाइट की सप्लाई होने के कारण किसानों को दिन में आवश्यकता के अनुरूप बिजली नहीं मिल पा रही है। सप्लाई वास्तव में कम है।