संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
गांव महामई में भैंस चोरी करने आए दो चोरों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। चोरों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। उसके बाद चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया। पिटाई से घायल दोनों चोरों को बागला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गांव महामई निवासी रामअवतार पुत्र राजवीर सिंह के यहां से दो चोर रविवार की रात बंधी दो भैंस चोरी कर ले जा रहे थे। इसी दौरान कुत्तों के भौंकने से ग्रामीण जग गए और चोरों को पकड़ लिया। पकड़ने के ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी।
चोरों की पहचान विष्णु कुमार मोहल्ला अहीरान हसायन व गौरव निवासी नगला मानसहाय थाना उत्तर फिरोजाबाद बताई। पुलिस ने दोनों को बागला अस्पताल में भर्ती करा दिया। दोनों की स्थिति अब ठीक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है।