कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौली में मंगलवार की शाम को घर से दुकान पर तंबाकू लेने जा रहे एक व्यक्ति को कार ने टक्कर मार दी। यह व्यक्ति पोखर में गिर गया और कार भी असंतुलित होकर पोखर में गिर गई। पुलिस घायल अवस्था में इस व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां उसे मृत घोषित कर दिया।
70 वर्षीय संतोष कुमार 15 वर्षों से गांव जिरौली में अपने बहनोई के घर रहते थे। मंगलवार की शाम को वह अपने घर से दुकान पर तंबाकू लेने गए थे। तभी गांव चैन नगरिया की तरफ से आ रही स्विफ्ट कार ने उनको टक्कर मार दी, जिससे वह पोखर में गिरकर घायल हो गए। कार भी असंतुलित होकर पोखर में गिर गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर डायल 112 की पुलिस टीम भी पहुंच गई। पुलिस घायल संतोष को लेकर सीएचसी पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस भी सीएचसी पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भांजे योगेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।