अकराबाद की ग्राम पंचायत मानई में ग्राम प्रधान के पति और उसके भाई पर पंचायत की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगा है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की है।
गांव मानई निवासी विजेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह, साहब सिंह आदि ने शिकायत में कहा है कि गांव में महिला प्रधान है। जिनका पूरा कामकाज उनके पति देखते हैं। आरोप है कि प्रधान के पति ने अपने भाई के साथ मिलकर ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। वहां पक्का निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी नीरज शर्मा का कहना है कि इस तरह का कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आता है। अगर इस तरह की कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।