सोशल मीडिया पर सट्टे की पर्ची बनाते हुए दो वीडियो वायरल हुए हैं। वायरल वीडियो सट्टा कारोबारी के मकान का बताया जा रहा है। इस सट्टा कारोबारी का मकान कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में स्थित है। एक वीडियो में एक युवक सट्टे की पर्ची लिखते हुए दिखाई दे रहा है। दूसरे में एक व्यक्ति चश्मा लगाए बैठा है। वह एक हाथ में रुपये लिए है और दूसरे हाथ से सट्टे की पर्ची बनाता हुए दिख रहा है। सट्टा लगवाने आए कुछ लोग भी वीडियो में नजर आ रहे हैं। सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि वीडियो पुराना है। इसके बावजूद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गौर हो कि सट्टा कारोबार में 1 से लेकर 100 तक नंबर लगाया जाता है। लगाने वालों से रुपये लेकर एक पर्ची दे दी जाती है। दिल्ली से इसका नंबर खुलता है। जिसका नंबर खुलता है उसे एक रुपये के 100 रुपये दिए जाते हैं। कम समय में ज्यादा फायदे के लालच में लोग इसका शिकार बन जाते हैं। शहर के चर्चित सट्टा कारोबारी चतुर्भुज गुप्ता के खिलाफ 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।