शहर के किला परिसर स्थित नगर पालिका की गोशाला में मृत गोवंश के शव को कुत्ते नोच रहे हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस संबंध में मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ट्वीट कर शिकायत की गई। हरकत में आए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल गोवंश के शव का अंतिम संस्कार कराया और वहां तैनात सुरक्षा कर्मी को हटा दिया गया है।
नगरीय क्षेत्र में गोवंश को नगर पालिका की ओर से किला परिसर स्थित दाऊजी मेला पंडाल में बनी अस्थायी गोशाला में रखा जा रहा है। एडवोकेट मुकेश चतुर्वेदी ने इस मामले में मुख्यमंत्री और डीएम से सोशल मीडिया के जरिये की गई शिकायत में उस वीडियो का जिक्र किया है, जिसमें कुत्ते गोवंश के शव को नोचते हुए नजर आ रहे हैं। अधिशासी अधिकारीनगर पालिका ने तत्काल मामले में सक्रियता दिखाते हुए गोवंश के शव का अंतिम संस्कार कराया।
ये बात गलत है कि गोवंश तीन दिन पहले से मृत था। मात्र आधे घंटे में ही सब कुछ हुआ है। गोवंश के शव का अंतिम संस्कार कराया गया है। लापरवाही को लेकर वहां तैनात गार्ड को हटा दिया गया है।
-नवनीत शंखवार, ईओ, नगर पालिका, हाथरस।