विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री को फिर से धमकी मिलने पर कोतवाली सदर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिली थी। इसके बाद सोमवार रात को उन्हें दो अज्ञात लोगों ने धमकाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस कार्यालय पर मंगलवार को एसपी से मिले आश्वासन के बाद कोतवाली सदर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। जिला मंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने प्रशांत मिश्र निवासी गली रामजी पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने और उसके साथियों पर अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि धन वसूली के लिए उन्हें धमकाया जा रहा है। सोमवार रात तो जब वे घर लौट रहे थे तो सूर्यानगर कॉलोनी में बाइक सवार दो लोगों ने रोक लिया, जिनके चेहरे ढके हुए थे। आरोप है कि इन लोगों ने हथियार दिखा कर धमकाया और एक लाख रुपये की चौथ मांगी। प्रवीन का कहना है कि उन्हें पूर्व में मिली धमकी के मामले में समझौते के लिए धमकी दी। इस मामले में प्रशांत मिश्र के अलावा दुष्यंत, अक्षय, विशाल, मोनू व सोनू को नामजद किया गया है।
जिला मंत्री को 14 अक्तूबर को फोन पर धमकी मिली थी। इस मामले में पुलिस ने 17 अक्तूबर को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें प्रशांत पौरूष निवासी विष्णुपुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि बुधवार को प्रशांत पौरूष को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।