सादाबाद। कस्बे में मंगलवार देर रात 11 बजे कोतवाली के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिसकर्मियों के आवास के पास खड़े मुकदमों में बरामद वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आए वाहनों में तेज धमाके होने लगे, जिससे लोग दहशत में आ गए।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल गाड़ी के साथ मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
करीब डेढ़ घंटे तक वाहन आग की लपटों में घिरे रहे। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस घटना से पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों, कितने वाहन इसकी चपेट में आए और कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।