बस खराब होने के कारण पुल पर लगा जाम। संवाद
- फोटो : Samvad
शहर के व्यस्त तालाब चौराहा ओवरब्रिज पर शनिवार दोपहर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। खुर्जा डिपो की एक रोडवेज बस अचानक खराब होकर पुल के ऊपर ही खड़ी हो गई। बस के बीच सड़क पर रुकते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब ढाई घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा। राहगीरों, बाइक सवारों और बस यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस खराब होने की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर वाहनों को निकालते हुए यातायात संभालने का प्रयास किया, लेकिन पुल संकरा होने के कारण वाहन काफी देर तक रेंगते रहे। कई बार दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। सूचना मिलने पर हाथरस डिपो की कार्यशाला टीम, स्टोर बस के साथ मौके पर पहुंची।
तकनीकी जांच के बाद बस को दोपहर करीब तीन बजे वहां से हटाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि खुर्जा डिपो की बस के खराब हाेने की सूचना मिलने के बाद उसे कार्यशाला में पहुंचाया गया है। संवाद