कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर और नकदी बरामद की है। बरामद ट्रैक्टर की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
सीओ अमित पाठक ने बताया कि 20 जनवरी को सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने गांव सीस्ता के निकट एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का महिंद्रा ट्रैक्टर, ट्रॉली और 1700 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम कल्यान सिंह निवासी ग्राम दौपुरा, थाना बसेड़ी, जनपद धौलपुर (राजस्थान) बताया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने जुर्म को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने 18 जनवरी 2026 की रात को लोनी, जनपद गाजियाबाद क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी। चोरी के बाद वह इसे बेचने के लिए राजस्थान की ओर ले जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार अपनी टीम के साथ शामिल रहे।