क्षेत्र के गांव ऊसवा में सोमवार की देर शाम रास्ते से होकर निकलने के विवाद में दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पथराव भी किया गया। सूचना पर यूपी 100 की मोबाइल वैन के अलावा कोतवाली सासनी और हाथरस गेट का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया।
झगड़े में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हुए हैं। इन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। शांति व्यवस्था के मद्देनजर एहतियातन गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
बताते हैं कि ग्राम ऊसवा निवासी अनिल भेड़-बकरी पालन कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार की देर शाम अनिल बकरी चराकर घर लौट रहे थे। इस दौरान गांव के दूसरे समुदाय के दो युवक परवेज और आरिफ बाइक लेकर वहां आ गए।
उन्होंने रास्ते से बकरी हटाने के लिए दबाव बनाया। बताते हैं कि इसी बात पर दोनों में तकरार हो गई। गाली-गलौज एवं जमकर मारपीट होने लगी। शोरगुल सुनकर दोनों समुदाय के लोग और अन्य ग्रामीण भी मौके पर आ गए।
मारपीट के बाद जमकर पथराव शुरू हो गया। मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। राहगीर बचने के लिए इधर-उधर दौड़ पडे़। झगड़े में एक पक्ष के अनिल, राहुल, सोनू, राजवीर, विजेंद और दूसरे पक्ष के परवेज, प्रकाश अली और हवीब सहित आठ लोग घायल हुए हैं। समाचार लिखने तक किसी पक्ष की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। घटना के बारे में छानबीन की जा रही है। जो भी लोग दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
- प्रवीण कुमार, एसएसआई सासनी