मोहल्ला होलीगेट निवासी राजेंद्र प्रसाद हलवाई (70) की एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत होने पर परिजन ने हंगामा किया। इलाज में लापरवाही बरतने और आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद रुपये लेने का आरोप मढ़ा। सूचना पर पुलिस कर्मी पहुंच गए और समझाकर परिजन को शांत कराया।
मृतक के पुत्र धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि शनिवार को शाम उनके पिता की तबीयत अधिक बिगड़ी इस पर वह एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंचे। अस्पताल में उनके पिता के नाम जारी आयुष्मान कार्ड जमा करा लिया गया। इसके बाद भर्ती करने, दवा और जांच के नाम पर उनसे पांच हजार से अधिक रुपये लिए गए लेकिन उचित उपचार नहीं दिया गया। जांच रिपोर्ट आने पहले ही उनके पिता की मौत हो गई।
इसके बाद परिजन और मोहल्ले के लोगों ने अस्पताल में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के भाई दिनेश कुशवाह, कोमल, राकेश ने कहा कि इलाज में लापरवाही बरते जाने की जांच होनी चाहिए। वहां पहुंचे इसी मोहल्ले के रघुवीर सिंह ने कहा कि उनके सामने ही महिला वार्ड में एक पंखा टूटकर गिरने से प्रसूता घायल हो चुकी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि मामला संज्ञान में है। कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। निजी अस्पताल से जानकारी मिली है कि बुजुर्ग काफी दिनों से बीमार थे, जिससे उनकी मौत हुई है।