कोतवाली चंदपा क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल बेचने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। दो बाइक मालिकों ने दावा किया कि पेट्रोल भरवाने के बाद उनकी मोटरसाइकिलें खराब हो गईं।
खेड़ा परसौली निवासी सत्यवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने चिंता गढ़ी स्थित एक पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाया था। कुछ दूरी तय करने के बाद बाइक झटके लेने लगी और बंद हो गई। मैकेनिक को दिखाने पर बताया गया कि पेट्रोल की गुणवत्ता खराब है। उनका आरोप है कि पेट्रोल में मिलावट थी, जिसके कारण वह नीचे बैठ रहा था और रंग भी छोड़ रहा था।
सत्यवीर सिंह शिकायत लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे तो वहां नगला बैरू निवासी शिवम भी मौजूद मिले। शिवम ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले इसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था, जिसके बाद से उनकी बाइक भी ठीक से नहीं चल रही है। जिला पूर्ति कार्यालय के क्षेत्रीय एआरओ रितेश चंद्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में अनियमितता या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद