रामबाग मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन करते शिक्षक शिक्षिकाएं।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर में तीन केंद्रों पर चल रहा यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य रविवार को समाप्त हो गया। हालांकि शुक्रवार को दो केंद्रों पर हाईस्कूल की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो गया। अब रविवार को इंटरमीडिएट की शेष उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी पूरा हो गया। लॉकडाउन में शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू हुआ था।
बागला इंटर कॉलेज और अक्रूर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की दो लाख 42 हजार 612 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। रामबाग इंटर कॉलेज में चल रहा इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार तक चला, जिसमें रविवार को 2,141 उत्तरपुस्तिकाएं जांची गईं। यहां पर कुल एक लाख 46 हजार 918 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो गया। डीआईओएस सुनील कुमार ने बताया कि मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। प्रदेश के सभी जनपदों में मूल्यांकन कार्य पूरा होने पर ही शासन स्तर से बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा।