दुर्घटना में घायल बच्चियां। संवाद
- फोटो : Samvad
शनिवार दोपहर सादाबाद जलेसर मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में तेजप्रताप (30) निवासी नगला राशि थाना बलदेव जिला मथुरा की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। तीन को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
महरारा चौराहा के आगे मोड़ पर सुबह करीब 11:30 बजे तेज प्रताप की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक पर उनकी बहन मनीषा, पांच वर्षीय पुत्री रूबी और बहन की पांच वर्षीय पुत्री जानवी भी थीं। चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज प्रताप की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि देर शाम उपचार के दौरान तेज प्रताप की मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
दूसरी दुर्घटना बालाजी फ्यूल पंप के सामने हुई। गांव वेदई निवासी आनंद अपनी मां गुड्डी देवी और बहन पिंकी के साथ जलेसर से लौट रहे थे। वे तीनों सुबह 11 बजे बाइक में पेट्रोल भरवाकर मुख्य मार्ग पर आए। तभी सादाबाद से आ रही एक स्कॉर्पियो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस ने उन्हें सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया। आनंद और गुड्डी देवी की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने उन्हें हाथरस रेफर कर दिया।