विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के आवास के बाहर अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आए कई वाहन। संवाद
- फोटो : Samvad
पुरदिलनगर रोड पर स्थित विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के आवास के बाहर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कई वाहनों को रौंद दिया। जिसमें एक युवक को भी चोट लग गई।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पुरदिलनगर जा रही थी। इसका चालक जैसे ही विधायक आवास के पास पहुंचा, सड़क पर बने ब्रेकर के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका और विपरीत दिशा में मुड़ते हुए विधायक आवास के गेट की ओर चल गया। बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने वहां खड़ी एक कार सहित कई दोपहिया वाहनों को रौंद दिया। जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए। पुरदिलनगर निवासी एक युवक भी चपेट में आ गया। युवक मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर के बीच फंसकर घायल हो गया।
उस समय विधायक आवास पर कार्यकर्ता और सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। दुर्घटना होते ही सभी लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालने में जुट गए। युवक के दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी। उसे आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।